Helpline +919415567039 || kd.up@smarthindustan.news

Updated Fri, 14 May 2021 11:35 PM

नियम तोड़ने वालों से पुलिस ने वसूला जुर्माना

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : कोरोना क‌र्फ्यू में नियमों का पालन न करने वाले दुकानदारों व वाहन सवारों से पुलिस ने जुर्माना वसूला गया। लोगों को समझाया गया कि इस तरह से नादानी करेंगे तो संक्रमण के खतरे में आ जाएंगे। गुरुवार को एसडीएम डेरापुर आरके राजवंशी व सीओ डेरापुर आशापाल सिंह व निरीक्षक मंगलपुर वीरपाल सिंह ने पहले मंगलपुर में चेकिग की। यहां पर चार दुकानदारों को कोविड नियमों का उल्लंघन करते पकड़ा। चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। बेवजह घूम रहे पांच वाहन सवारों का भी चालान किया गया। वीरपाल सिंह ने बताया कि दिनभर चले अभियान में कुल आठ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया व 17 वाहनों का चालान किया गया है व एक वाहन सीज किया गया है। उधर, पुखरायां कस्बा में पालन कराने के लिए सीओ प्रभात कुमार, तहसीलदार रामशंकर वर्मा, नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी रामअचल कुरील ने पुलिस बल व निकाय कर्मचारियों के साथ पुखरायां मेनरोड पर पैदल गश्त किया। इस दौरान सड़क पर बिना वजह वाहन लेकर घूम रहे 13 वाहनों का चालान किया गया व दो वाहन सीज किए गए। वाहन का चालान करते समय एक वस्त्र दुकानदार निवासी मनोज कुमार गोयल ने अधिकारियों से बहस की, तो सीओ के निर्देश पर अधिशाषी अधिकारी ने बिना मास्क लगाए बात करने पर एक हजार रुपये जुर्माना कर दिया। पुखरायां चौकी इंचार्ज महेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि क्षेत्र में घूम रहे 13 वाहनों का चालान किया गया है। सिकंदरा में तहसीलदार लखनलाल सिंह राजपूत ने स्थानीय कस्बे के पटेल चौक चौराहा संदलपुर रोड, पुरानी बाजार, नगर पंचायत रोड, बिरहाना चौराहा, मुगल रोड, हरिहरपुर चौराहा समेत कस्बे में संयुक्त टीम के साथ पैदल मार्च किया जहां सब्जी दूध फल दवाई राशन की दुकान के अलावा बिना अनुमति के खुली पाई गईं दुकानों को बंद कराया गया।

उत्साह से 1814 लोगों ने लगवाई वैक्सीन

संवाद सहयोगी, भोगनीपुर : जिले में उत्साह से गुरुवार को 1814 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। इनमें 827 पहली डोज तो 927 दूसरी डोज वाले लोग शामिल रहे। वैक्सीन लगवाने वालों ने खुशी जताते हुए दूसरों से भी आगे बढ़कर वैक्सीनेशन कराने की बात कही। अमरौधा व मलासा ब्लाक के पांच टीकाकरण केन्द्रों पर 247 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। अमरौधा ब्लाक की सीएचसी पुखरायां में एएनएम गीता मिश्रा ने 90 लोगों को व प्राथमिक विद्यालय भोगनीपुर परिसर स्थित टीकाकरण केंद्र पर एएनएम गीता गुप्ता ने 17 लोगों को कोरोना का टीका लगाया। मलासा ब्लाक की सीएचसी देवीपुर में एएनएम डॉली देवी ने 30 लोगों को, पीएचसी बरौर में एएनएम रीता देवी ने 50 लोगों को व मलासा ब्लाक के सिथरा-रामपुर में गांव स्थित टीकाकरण केन्द्र में एएनएम निर्मला सचान ने 60 लोगों को कोरोना का टीका लगाया। पीएचसी अमरौधा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य सचान व सीएचसी देवीपुर के अधीक्षक डॉ. विकास कुमार ने बताया कि टीकाकरण केंद्रों पर आए सभी लोगों को सुचारु रूप से कोरोना का टीका लगाया गया। नोडल अफसर डॉ. महेंद्र जतारया ने बताया कि 1814 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। सभी लोग सरकारी अस्पताल पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।

81 मरीजों ने जीती कोरोना से जंग, 28 नए संक्रमित मिले

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जिले में गुरुवार को 81 मरीजों ने कोरोना को हिम्मत व सही देखभाल के दम पर हरा दिया। वहीं 28 मरीज कोरोना संक्रमित मिले है। कुछ दिनों से मरीज कम हुए हैं। स्वस्थ होने वाले मरीजों में अकबरपुर, अमरौधा, रसूलाबाद, डेरापुर, सरवनखेड़ा व सिकंदरा के लोग शामिल हैं। डॉक्टरों की सही सलाह को अपनाकर व मानसिक शक्ति के बूते मरीजों ने खुद को स्वस्थ किया। वहीं अमरौधा ब्लाक में गुरुवार को एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया और मलासा ब्लाक की जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला। पीएचसी अमरौधा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि कोरोना व्यक्तियों से संपर्क में आए लोगों के दो दिन पूर्व भेजे गए सैंपलों की गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में मात्र व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। संक्रमित व्यक्तियों के मोहल्लों में सैनिटाइजेशन कराया गया है। सीएचसी देवीपुर के अधीक्षक डॉ. विकास कुमार ने बताया कि मलासा में गुरुवार को एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है फिर भी बीते दिनों मलासा ब्लाक के बिरमा गांव में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों से संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच हेतु सैंपल लिए गए हैं। संक्रमित व्यक्तियों के मोहल्लों में सैनिटाइजेशन कराया गया है। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि 81 मरीज कोरोना से सही हुए हैं।